बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर सबसे ज्यादा कार्रवाई, 1,528 चालान काटे; ओवरस्पीडिंग और रॉन्ग साइड ड्राइविंग पर भी सख्ती
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर में यातायात माह-2026 की शुरुआत के साथ ही यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। यातायात माह के पहले ही दिन जिलेभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर कुल 4,256 वाहनों के ई-चालान किए गए, जबकि गंभीर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 7 वाहनों को सीज किया गया।
पुलिस उपायुक्त (यातायात) के पर्यवेक्षण में चलाए गए इस अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने मैनुअल चेकिंग और आधुनिक तकनीक के माध्यम से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की। मैनुअल चेकिंग के जरिए 1,645 वाहनों के चालान किए गए, जबकि शहर के प्रमुख चौराहों पर लगे इंटीग्रेटेड सिक्योरिटी एंड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ISTMS) कैमरों की मदद से 2,611 वाहनों के ऑनलाइन चालान किए गए।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बिना हेलमेट चलने वालों पर सबसे ज्यादा कार्रवाई
अभियान के दौरान सबसे अधिक मामले बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने के सामने आए। यातायात पुलिस ने बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 1,528 चालकों के चालान किए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली गंभीर चोटों और मौतों को कम करने के लिए हेलमेट पहनना बेहद जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इन नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी हुई कार्रवाई
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर रोक लगाने के लिए विभिन्न श्रेणियों में कार्रवाई की गई।
- नो पार्किंग में वाहन खड़े करने पर – 638 चालान
- ओवरस्पीडिंग – 288 चालान
- वायु प्रदूषण फैलाने वाले वाहन – 208 चालान
- विपरीत दिशा में वाहन चलाने पर – 191 चालान
- फॉल्टी एवं अवैध नंबर प्लेट – 185 चालान
- हूटर एवं प्रेशर हॉर्न के अवैध प्रयोग पर – 25 चालान
- मोडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग – 10 चालान
नवंबर भर जारी रहेगा अभियान
यातायात पुलिस के अनुसार, यातायात माह-2026 के अंतर्गत नवंबर महीने में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चेकिंग और प्रवर्तन अभियान भी लगातार जारी रहेगा।
पुलिस का उद्देश्य वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और गौतमबुद्धनगर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुगम बनाना है। पुलिस ने सभी वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों का जिम्मेदारी से पालन करने की अपील की है।


